
किसानों की समस्याओं,संगठन के साथ राष्ट्र की मजबूती पर विचार
भारतीय किसान संघ के प्रांतीय प्रशिक्षण वर्ग का समापन
जय बलराम के जयकारों से गुंजायमान हुआ परिसर
प्रांत के 20 जिलों के कार्यकर्ताओं की उपस्थिति
दमोह/राष्ट्र मजबूत हो मजबूर नहीं,देश के अन्न के भण्डार भरे रहें यही हमारा लक्ष्य है यह बात भारतीय किसान संघ के प्रदेशाध्यक्ष रामभरोष वासोतिया ने कही। स्थानीय केशव नगर में दो दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग के समापन अवसर पर उपस्थित प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुये इन्होने जहां संगठन की मजबूती किसानों की समस्याओं एवं उनके समाधान पर अपनी बात रखी। वहीं दूसरी ओर कहा कि हमारा लक्ष्य राष्ट्र की मजबूती भी है इसलिये इस प्रकार के प्रशिक्षणों का आयोजन किया जा रहा है। श्री वासोतिया ने कहा कि भीड से कोई संगठन नहीं चलता,संगठन चलता है समर्पित एवं मूल्यवान कार्यकर्ताओं से भारतीय किसान संघ विश्व का एक मात्र वृहद किसानों का संगठन है जो इस दिशा में कार्य करता है। इन्होने कहा कि हमारे संगठन के नारों को ही देख लें जिसमें देश के हम भंडार भरेंगे लेकिन कीमत पूरी लेंगे जबकि अन्य में चाहे जो मजबूरी हो मांग हमारी पूरी हो होता है। श्री वासोतिया ने कहा कि तत्काल एवं स्वयं के लाभ की दिशा में कार्य करने वाले ज्यादा नहीं चल पाते जबकि राष्ट्र एवं सम्पूर्ण समाज के बारे में सोचने वाले लगातार कार्य करने वालों का अस्तित्व बना रहता है। श्री वासोतिया ने कहा कि किसानों की समस्याओं तथा उनके समाधान के लिये लगातार विचार चल रहा है। कार्यकर्ताओं के प्रवास-दौरे तथा समयदानी के विषय को लेकर भी इन्होने विस्तार से बात रखी। इसी क्रम श्री वासोतिया ने श्रीमद्भगवत गीता,कथा कहानियों के माध्यम से भी अपनी बात को रखा। इन्होने भारतीय किसान संघ के द्वारा आयोजित होने वाले आगामी कार्यक्रमों योजनाओं पर प्रकाश डाला। वर्ग का सफल संचालन प्रांतीय संगठन मंत्री भरत जी ने किया।
किसान महाकुंभ का आयोजन-
प्रदेशाध्यक्ष रामभरोष वासोतिया ने कहा कि आगामी माह में प्रदेश की राजधानी भोपाल में किसान महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर लाखों किसानों की उपस्थिति एवं सहभागिता होगी जहां किसानों से जुडी प्रत्येक समस्या एवं उनके समाधान के विषय में भी चर्चा होगी।
बलराम मीमांसा-
उक्त प्रशिक्षण वर्ग के समापन अवसर पर मंचासीन पदाधिकारियों ने बलराम मीमांसा नामक स्मारिका का विमोचन भी किया।
राष्ट्रीय,प्रदेश,प्रांतीय पदाधिकारी-
भारतीय किसान संघ के महाकौशल प्रांत के कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग में प्रदेश अध्यक्ष रामभरोष वासोतिया,प्रदीप चौधरी राष्ट्रीय महामंत्री,विजय कुमार गोंटिया प्रांताध्यक्ष,नारायण सींग प्रांत महामंत्री,रामाधार शर्मा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं भरत जी प्रांत संगठन मंत्री की उपस्थिति रही। जबकि प्रथम दिवस प्रदेश संगठन मंत्री शिवकांत दीक्षित,महामंत्री राजेन्द्र पालीवाल उपस्थित रहे थे।
जनजागरण के अभियान-
भारतीय किसान संघ जन जागरण अभिायान के माध्यम से अपने कार्यकर्ताओं के बीच बात रखते हुये संगठन की मजबूती पर कार्य प्रारंभ करने जा रही है। इसको लेकर पूर्ण योजना बनाकर कार्य प्रारंभ हो चुका है जिसको अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में भी विचार विर्मश किया गया। ज्ञात हो कि यह कार्यक्रम 15 जनवरी 2016 से लेकर 30 जनवरी 2017 तक चलेगा।
20 जिलों के कार्यकर्ता-
विदित हो कि स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर केशव नगर में आयोजित उक्त वर्ग में महाकौशल प्रांत के 20 जिलों के भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता प्रशिक्षण ले रहे थे। जिसमें मंडल से लेकर जिले एवं प्रांत के कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
महिला कृषकों ने रखे विचार-
उक्त दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के दौरान जहां प्रांत भर के भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आये हुये हैं तो वहीं दूसरी ओर बडी संख्या में महिला कृषक भी प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। इस अवसर पर इन महिला कृषकों ने अपनी बात एवं विचार भी प्रभाव पूर्ण तरीके रखे। उक्त प्रशिक्षण वर्ग में प्रांत मंत्री आरसी पटैल, जिला अध्यक्ष रमेश यादव,दिनेश पालीवाल,भुवानी पटैल सहित कार्यकर्ताओं की विशेष उपस्थिति एवं सहयोग रहा।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें