प्रहलाद सिंह पटेल
पीड़ित को उचित मार्ग, सहयोग, सच्ची मानव सेवा -प्रहलाद सिंह पटेल
नेत्र शिविर का बांदकपुर में शुुभारंभ, सैकडों लोगों ने करायी जांच
प्रत्येक विकास खण्ड़ में होगा आयोजन
( डॉ एल एन वैष्णव )
दमोह/06.07.2017/ किसी पीढ़ित व्यक्ति को उचित मार्ग बतलाते हुये उसको शिविर में लाने तथा सहयोग करने से आप भी उतने पुण्य के भागीदार हो सकते हैं जितने कि आयोजक, इसलिये इस पवित्र कार्य में प्रत्येक नागरिक अपना योगदान देने आगे आना चाहिये यह बात क्षेत्रीय सांसद प्रहलाद सिंह पटेल ने कही। श्री पटेल दमोह विकासखण्ड के देव जागेश्वरनाथ धाम बांदकपुर में आयोजित विशाल नेत्र जांच एवं उपचार शिविर के शुभारंभ के अवसर पर बोल रहे थे। उन्होने कहा कि एक बडी समस्या यहां जागरूकता का आभाव दिखलायी देता है। हम किसी के जीवन को अंगदान करके बदल सकते हैं। नेत्र शिविर आयोजन की प्रशंसा करते हुये उन्होने कहा कि क्षेत्र को इसका लाभ मिलेगा इसमें पूर्णतःनिशुल्क जांच,उपचार किया जा रहा है। जबकि जिन मरीजों को शल्य क्रिया की आवश्यकता है उनको जबलपुर लाना ले जाना, आपरेशन एवं भोजन, दवा सभी की व्यवस्था भी संस्था द्वारा निःशुल्क की गयी है। श्री पटेल ने कहा कि डाक्टर द्वारा बतलायी गयी प्रत्येक बात का अक्षरसः पालन करना अति आवश्यक है । क्योंकि अनेक अवसरों पर देखने आया है कि मरीज लापरवाही करते हैं और दोष डाक्टर के उपर डालते हैं। सांसद श्री पटेल ने नेत्र शिविरों के माध्यम से पूर्व में किये गये कार्यों के संस्मरणों को भी सामने रखते हुये कहा कि जब लोग शिविर में अपने माता पिता की सेवा करने आते थे तो हम कहते थे दूसरी खेप में आने वाले मरीजों की सेवा के लिये आना आपके माता पिता की सेवा हम करेंगे। यह भाव लोगों के मन में जगाना होगा तभी हम सेवा के संकल्प को पूरा कर पायेंगे। शिविर का शुभारंभ मां वीणा पाणी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन के साथ किया गया। विदित हो कि सांसद श्री पटेल के संयोजन एवं ”सक्षम भारत संस्था“, दादा वीरेन्द्र पुरीजी आई हास्पिटल, तिलवारा घाट, जबलपुर(म0प्र0) द्वारा द्वियांगों एवं नेत्र पीड़ित की सेवा हेतु कार्निया अंधत्व मुक्त भारत अभियान के तहत दमोह जिले में कार्निया से प्रभावित नेत्र एवं अन्य नेत्र पीड़ितों की जाॅंच, सर्वे कार्य, उपचार एवं शल्य क्रिया कर लोगों को नेत्र समस्या से निदान करने हेतु शिविर का आयोजन किया गया है। जिसके तहत प्रत्येक विकासखण्ड में शिविर लगाये जा रहे हैं।
पटेरा के नौजवान का स्मरण-
सांसद श्री पटेल ने कहा कि मैं नमन करता हूं गुप्ता परिवार के उस चिराग को जो अपने अंगदान से पांच लोेगों को जीवन दे गया। उन्होने कहा कि अंग दान के भाव को एैसे ही जगाने की आवश्यकता है। विदित हो कि दमोह जिले के पटेरा के द्वारका गुप्ता के एकलौते पुत्र प्रियंक चिकित्सक बनने हेतु इंदौर अध्यन करने गया हुआ था जहां सडक दुर्घटना में वह घायल हो गया था। मस्तिष्क धीरे-धीरे मरने लगा था तो अन्य अंग भी खराब होने की स्थिति में थे। उसकी बहिन ने अंग दान हेतु परिवार को प्रेरित किया। एवं मुस्कान गु्रप से संपर्क किया गया जहां उसको वेंटीलेटर से हटाने के बाद अंगों को दान कर दिया गया जिसने पांच लोगों को जीवन दे दिया।
सवा 5 करोड़ शिव लिंग निर्माण स्थल अवलोकन -
उक्त विशाल नेत्र जांच शिविर के शुभारंभ के पूर्व क्षेत्रीय सांसद प्रहलाद सिंह पटेल बांदकपुर में आयोजित होने जा रहे सवा 5 करोड़ शिवलिंग के आयोजन स्थल का जायजा लेने पहुचे। ज्ञात हो गृहस्थ संत देवप्रभाकर शास्त्री द्ददा जी के कुशल मार्ग दर्शन मे शिवलिंग निर्माण का उक्त कार्यक्रम सम्पन्न किया जाना है। जिसकी तैयारिया जोरो पर है। सांसद श्री पटेल ने आयोजक गणो से चर्चा की तथा जिला प्रशासन को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
कराया नहीं, किया स्वागत-
उक्त विशाल नेत्र जांच एवं उपचार शिविर में क्षेत्रीय सांसद प्रहलाद सिंह पटेल ने अपने स्वागत की जगह मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा.आर.के.बजाज का पुष्पहार से स्वागत किया। श्री पटेल ने कहा कि यह मंच राजनीति का नहीं सेवा का है चिकित्सक ही अभिनंदन के पात्र हैं। इस अवसर पर डा.बजाज ने शब्दों के माध्यम से स्वागत करते हुये चिकित्सा विभाग द्वारा सहयोग एवं योजना पर प्रकाश डाला वहीं डा. रीता चटर्जी ने भी अपनी बात रखी। इस अवसर पर ”सक्षम भारत संस्था“ जबलपुर,से आये पदाधिकारी डाॅ0 अरविन्द दुबे ने कहा कि विश्व में 25 प्रतिशत अंधत्व भारत में हैं जबकि श्री लंका में इसका प्रतिशत शून्य है। श्री दुबे ने कहा कि जब हम सांसद श्री पटेल को जन्मदिन की शुभकामनायें देने गये थे तब सांसद श्री पटेल सिर्फ क्षेत्र की जनता की बात कर रहे थे। उन्होने ही नेत्र शिविर लगाने का आग्रह एवं सहयोग किया। उन्होने जिनको शल्य क्रिया कि आवश्यकता है उनको चिन्हित कर शल्य क्रिया हेतु निधारित दिनांको मे जबलपुर ले जाया जायेगा। इस दौरान शल्य क्रिया (आॅपरेशन) के लिए जिन व्यक्तियों को ले जाया जाएगा वह पूर्णतः निःशुल्क होगा। जिसमें वाहन से प्रत्येक रोगी के साथ एक सहयोगी भी जा सकेगा। इस दौरान शल्य क्रिया, भोजन, दवांये, आवास सभी पुर्णतः निःशुल्क होगें। शल्य क्रिया के पश्चात् रोगी को उसके निवास पर वापस पहुचानें की भी व्यवस्था की गई है।
यह रहे उपस्थित-
उक्त शिविर में सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेन्द्र गुरू, भाजपा के जिला अध्यक्ष देवनारायण श्रीवास्तव, नगर पालिका दमोह की अध्यक्ष श्रीमती मालती असाटी, दमोह जनपद अध्यक्ष आालोक अहिरवार, सांसद प्रतिनिधि आलोक गोस्वामी, राजकुमार जैन, श्रीमती नर्मदासिंह एकता, सुशील गुप्ता, रणधीरसिंह, महेश पटेल, अखिलेश हजारी, नरेन्द्र दुबे, जय सरवरिया, सहित चिकित्सक डाॅ राकेश राय, डाॅ रंजीता गंागरा, जबलुर से डाॅ स्थापक के सहयोगी चिकित्सको सहित सक्षम भारत संस्था से प्रांतीय प्रचार प्रमुख अरविन्द दुवे, उमित देशपाण्डे, रघुवीर सिंह परिहार, अतुल कुशवाहा, सहयोगी प्रशांत रोहित, अंकुर वर्मा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन राजकुमार सिंह विकासखण्ड समन्वयक जन अभियान परिषद ने किया।

शिविर की तिथियां -
बटियागढ़ में आज दिनांक 7 जुलाई शुक्रवार, हटा में 10 जुलाई सोमवार, जबेरा में 11 जुलाई मंगलवार, पथरिया में 12 जुलाई बुधवार, पटेरा में 13 जुलाई गुरूवार तथा तेन्दूखेड़ा में 14 जुलाई 2017 दिन शुक्रवार को क्षेत्र के नेत्र रोग पीड़ितों की जाॅच एवं उपचार किया जायेगा। विदित हो की उक्त सभी शिविर शासकीय चिकित्सालय के प्रांगण में प्रातः 10 से सायं 4 बजे तक आयोजित किये जा रहे है। क्षेत्रीय सांसद श्री पटेल ने गणमान्य नागरिकों से आग्रह किया है कि अपने क्षेत्र में नेत्र रोग से पीड़ित व्यक्तियों को शिविर स्थल तक पहुचाने जानकारी देने का पवित्र कार्य करते हुए सहयोग प्रदान करें।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें